मानसून सत्र से पहले दो तिहाई बहुमत जुटाने की चल रही है भाजपा की अभूतपूर्व तिकड़म : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस में चल रही बगावत के बीच कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा मानसून सत्र से पहले लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए विपक्षी दलों को तोड़ने की कोशिश कर रही है और इस तरह का प्रयास कर वह लोकतंत्र का मजाक बना रही है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को कहा कि इससे पहले कभी किसी नेता ने लोकसभा में अपनी पार्टी के लिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए ऐसी कोशिश नहीं की, जैसी गृह मंत्री इन दिनों कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल, 2026 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाया और परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक अच्छे अंतर से खारिज हो गया था।
नामांतरण प्रकरण में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार
सागर, 12 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश के सागर जिले में लोकायुक्त पुलिस ने नामांतरण प्रकरण में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त सागर की टीम ने यह कार्रवाई की।
शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आज तिली तिराहा, गणेशपुरम रोड क्षेत्र में जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुणे एसिड हमले की पीड़िता की मृत्यु, बैतूल निवासी आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज होगा
बैतूल, 12 जून (वार्ता) महाराष्ट्र के पुणे में एसिड हमले की शिकार 21 वर्षीय युवती की 21 दिनों तक उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। युवती की मृत्यु के बाद पुलिस अब बैतूल जिले के निवासी आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 की रात पुणे के ताड़ीवाला रोड स्थित जनता विद्यालय के सामने आरोपी ने युवती और उसके 21 वर्षीय मित्र पर ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ फेंक दिया था। हमले में युवती लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद युवक भी घायल हो गया था।
बंडगार्डन पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण के अनुसार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की आमला तहसील के तोरणवाड़ा गांव निवासी श्रीराम मधु सावनेर (30) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवती का पहले पुणे में उपचार किया गया, बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई भेजा गया, जहां 10 जून को उसकी मृत्यु हो गई।
निर्माणाधीन भवन में मिला अधेड़ का शव
श्रीगंगानगर, 12 जून (वार्ता) राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में नयी अनाज मंडी के पीछे एक निर्माणाधीन भवन में शुक्रवार को अधेड़ उम्र के एक व्यक्ति का शव मिला।प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराजा जस्सासिंह रामगढ़िया मार्ग पर चंद्रलोक होटल के पास एक निर्माणीधीन भवन में सुबह मिस्त्री और मजदूर काम करने के लिए आये, तो उन्हें ऊपर की मंजिल पर यह शख्स मृत मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान वीरेंद्र ऋषभदेव (45) के रूप में की। सूचना मिलने पर उसके परिवारजन मौके पर पहुंचे।


