जबलपुर। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर आयोजित “नशा मुक्त भारत सप्ताह” के अंतर्गत गत दिवस जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “नशा मुक्त भारत अभियान : विकसित भारत की पहचान” रखी गई है।कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ हुई रैली को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जनसामान्य में जागरूकता बढ़ाना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। रैली के माध्यम से नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया तथा क्यूआर कोड के माध्यम से “नशा मुक्त मित्र” बनने की अपील भी की गई।
कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में ग्रामीण एवं शहरी निकायों की सक्रिय सहभागिता रही। कलेक्टर ने नशा मुक्ति के सम्बन्ध में जागरूकता हस्ताक्षर भी किए। एक नशा मुक्ति के लिए बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर फोटो भी खिंचवाई।कार्यक्रम में संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय सुश्री सोनम बर्वे, विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभागीय शासकीय संस्थाओं के कर्मचारी तथा विभाग से मान्यता प्राप्त अशासकीय संस्थाओं के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत और नशामुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को दोहराते हुए समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संदेश दिया।


