7 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सम्पन्न, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवकों को मिला सम्मान_
सिवनी, – गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संगठन, मध्यप्रदेश भोपाल के तत्वावधान में आयोजित सिविल डिफेंस वालंटियर्स का सात दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 2 जुलाई से शुरू हुए इस प्रशिक्षण का समापन समारोह बुधवार को आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समापन अवसर पर प्रशिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने फायर फाइटिंग, सर्च एंड रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सीपीआर तथा आपदा प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने, घायलों को सुरक्षित निकालने, आग पर नियंत्रण पाने तथा जीवनरक्षक उपायों का सफल प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
अपने संबोधन में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि सिविल डिफेंस वालंटियर्स प्रशासन की आपदा प्रबंधन व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्राकृतिक आपदा, सड़क दुर्घटना, अग्निकांड या किसी भी आपात स्थिति में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तत्परता अनेक लोगों का जीवन बचा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक उद्देश्य संकट की घड़ी में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और समाज सेवा की भावना ही सिविल डिफेंस की सबसे बड़ी पहचान है।
कलेक्टर ने स्वयंसेवकों से संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण अनुभवों की जानकारी ली और उन्हें प्रेरित किया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग केवल अभ्यास तक सीमित न रखकर समाज और मानवता की सेवा में करें। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्घटना या आपदा के शुरुआती कुछ मिनट सबसे अधिक महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए सभी वालंटियर्स नियमित अभ्यास करते हुए स्वयं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखें।
समारोह के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं टी-शर्ट वितरित किए। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आगामी समय में सभी वालंटियर्स को पहचान-पत्र एवं रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान उनकी पहचान और कार्यक्षमता और अधिक प्रभावी हो सके।
समापन समारोह का सबसे प्रेरणादायक क्षण उस समय रहा, जब सिविल डिफेंस वालंटियर महेश बिसेन को उनके साहसिक कार्य के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 7 जुलाई 2026 को जिला चिकित्सालय के वार्ड क्रमांक-7 में लगी आग पर उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर की सहायता से तत्काल नियंत्रण कर बड़ी दुर्घटना को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके साहस, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने उन्हें ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एस.आर. आजमी, प्लाटून कमांडर धनेंद्र अंगारे, एसडीआरएफ टीम सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।


