जबलपुर। संस्कारधानी के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल रसल चौक पर सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। इसके साथ ही सड़क पर फैली गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों के लिए फिसलन का कारण बन रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
चिंता की बात यह है कि इस मार्ग से हर दिन हजारों वाहन गुजरते हैं और कुछ ही दूरी पर एक प्रमुख अस्पताल भी स्थित है। ऐसे में मरीजों को ले जा रहे एंबुलेंस, निजी वाहन और आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में भरे पानी के कारण वाहन चालक अक्सर संतुलन खो बैठते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जबलपुर को स्मार्ट सिटी का दर्जा मिला है, लेकिन शहर की कई प्रमुख सड़कों की स्थिति इसके विपरीत दिखाई देती है। लोगों का आरोप है कि समय रहते मरम्मत नहीं होने से छोटे गड्ढे अब बड़े खतरनाक गड्ढों में बदल चुके हैं।
शहरवासियों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि रसल चौक की सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, गड्ढों को भरा जाए और सड़क पर फैली गिट्टी हटाई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके


