नगर निगम जल विभाग की टीम ने नागरिकों से किया संवाद
दोनों समय सेम्पलिंग कराने और स्वच्छ जलापूर्ति ही प्रदाय करने किया आश्वस्त
जबलपुर। राजीव गांधी वार्ड के शास्त्री नगर कॉलोनी में विगत दिवस सफाई के दौरान 4 इंची पाइप लाइन टूट गई थी, जिसे संज्ञान में आने के तत्काल बाद ही महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’, जलप्रभारी दामोदर सोनी और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार सुधार कार्य पूर्ण किया गया। इस संबंध में अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव एवं सहायक यंत्री राजेश खम्परिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम की जल विभाग टीम ने नाले की सफाई के दौरान दुर्घटनावश टूटी 4 इंची मुख्य पाइप लाइन को तत्काल प्रभाव से सुधारकर क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बहाल कर दी है।
उन्होंने बताया कि राजीव गांधी वार्ड के शास्त्री नगर कॉलोनी में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नाले की सघन सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान भारी मशीनों और सफाई कार्य के चलते अचानक 4 इंची पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप लाइन टूटने से क्षेत्र में जल संकट की स्थिति निर्मित होने की आशंका हो गई थी। जैसे ही इसकी सूचना महापौर जगत बहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ को मिली, उन्होंने बिना वक्त गंवाए जल विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचने और युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। पाइप लाइन सुधरने के बाद नगर निगम जल विभाग के अधिकारियों की टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने क्षेत्र का दौरा कर पानी के दबाव को जांचा, बल्कि स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद भी किया। क्षेत्र में शुद्ध और सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए अब नियमित रूप से सुबह और शाम दोनों समय पानी की सैंपलिंग की जाएगी, ताकि नागरिकों तक पहुंचने वाले पानी की शुद्धता सौ फीसदी सुनिश्चित हो सके।


