भंवरताल और सेंट नॉर्बर्ट स्कूल के पास से हटा अतिक्रमण, चालानी कार्रवाई भी
जबलपुर। नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा शहर के शैक्षणिक क्षेत्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त बनाने के लिए कारवाई की गई है। कारवाई के संबंध में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि संभाग क्रमांक 13 के अंतर्गत आने वाले भंवरताल गार्डन और सेंट नॉर्बर्ट स्कूल के आस-पास के क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया गया। टीम के सदस्यों ने कहा कि तहसीलदार वीर बहादुर सिंह धुर्वे की उपस्थिति में हुई कार्रवाई की गई है l उनका कहना था कि स्कूली बच्चों को एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण प्रदान करना प्रशासन का उद्देश्य है।
*छात्रों की सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान*
विद्यालय के ठीक बाहर और आस-पास हाथ ठेले वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण, फैलाई जा रही गंदगी और नशीले पदार्थों के संदिग्ध विक्रय की शिकायतों को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया। बच्चों के भविष्य और उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन की टीम ने त्वरित एक्शन लिया।
नियमों का उल्लंघन करने वाले, गंदगी फैलाने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हाथ ठेले वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम की अतिक्रमण टीम और स्वास्थ्य टीम ने मिलकर काम किया।
*अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने की सराहना*
प्रशासन के इस कदम की स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास इस तरह की मुस्तैदी से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उन्हें एक स्वच्छ और सकारात्मक शैक्षणिक परिवेश भी मिलेगा।


