बरघाट (सिवनी)- बरघाट के एक मेडिकल स्टोर से खरीदी गई बैद्यनाथ कंपनी की अश्वगंधामृत (अश्वगंधारिष्ट) सिरप की शीशी पर कथित तौर पर डबल लेबल मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद उपभोक्ताओं ने दवा की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने बरघाट के मेडिकल स्टोर से बैद्यनाथ अश्वगंधामृत सिरप खरीदी थी। घर पहुंचने पर दवा का उपयोग करने से पहले परिवार के 11 वर्षीय अनंत नांदने की नजर शीशी पर लगी लेबल पर गई। उसने जब ऊपर लगा लेबल हटाया तो उसके नीचे एक और पुराना एवं फटा हुआ लेबल दिखाई दिया। नीचे लगा लेबल इस स्थिति में था कि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मूल रूप से वह किस दवा का था।
ग्राहक ने इसकी जानकारी संबंधित मेडिकल स्टोर संचालक को दी। इसके बाद वह शीशी लेकर दुकान पहुंचा, जहां देखने पर ऊपर बैद्यनाथ अश्वगंधामृत का लेबल और उसके नीचे दूसरा पुराना लेबल दिखाई दिया। शीशी पर लगे नए लेबल में बैच नंबर W246750004 तथा निर्माण तिथि 07/2024 अंकित है।
मामले के सामने आने के बाद उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन, औषधि प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि विभाग से मांग की है कि संबंधित मेडिकल स्टोर तथा संबंधित उत्पादों की जांच कर सैंपल प्रयोगशाला भेजे जाएं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह पैकिंग संबंधी त्रुटि है या किसी प्रकार की अनियमितता।
उपभोक्ताओं ने लोगों से भी अपील की है कि दवा खरीदते समय उसकी पैकिंग, बैच नंबर, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें तथा हमेशा पक्का बिल लें। फिलहाल मामले की आधिकारिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


