July 19, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

‘बुलेट क्वीन’ शाइनी राजकुमार बनीं जबलपुर पुलिस के नशामुक्ति अभियान की ब्रांड एंबेसडर जैसी आवाज


जबलपुर। मध्यप्रदेश में चल रहे “नशे से दूरी, है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान को शनिवार को उस समय नई ऊर्जा मिली, जब केरल की प्रसिद्ध महिला बुलेट राइडर शाइनी राजकुमार इसमें शामिल हुईं। पिछले 331 दिनों से रॉयल एनफील्ड पर देशभर की यात्रा कर रहीं शाइनी ने जबलपुर पहुंचकर युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारियों तथा एनएसएस स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शाइनी राजकुमार ने मध्यप्रदेश पुलिस के नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी ही समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बना सकती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद घंटाघर से नशामुक्ति संदेश से सुसज्जित जनजागरूकता रथ और शाइनी राजकुमार की बुलेट रैली को एएसपी अनु बेनिवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस बल और एनएसएस के लगभग 500 सदस्य शामिल हुए।
शाइनी राजकुमार, जिन्हें “बुलेट क्वीन ऑफ केरल” के नाम से जाना जाता है, केरल की पहली महिला बुलेट राइडर्स क्लब की संस्थापक हैं। इससे पहले वे महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा के विरोध में कन्याकुमारी से लेह-लद्दाख तक 12 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर चुकी हैं।
इधर, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी नशामुक्ति अभियान के तहत रैलियां, शपथ कार्यक्रम, पोस्टर अभियान और जनसंवाद आयोजित किए गए। गोरखपुर, ग्वारीघाट, लॉर्डगंज, माढ़ोताल, तिलवारा, गढ़ा, गोहलपुर, पाटन, चरगवां, बरेला और कैंट सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने नागरिकों, छात्रों, महिलाओं, ऑटो एवं बस चालकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का संकल्प दिलाया।

अन्य ख़बरें

RDVV में 13 कर्मचारियों के नियमितीकरण पर रोक, कुलगुरु के आदेश से बढ़ा विवाद

Newsdesk

सरस्वती कॉलोनी दुर्गा हनुमान मंदिर में पांचवे दिवस राम कथा सानंद संपन्न

Newsdesk

आंधी-तूफान में निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा, जमीनी हकीकत पर उठे सवाल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading