जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के गुरु पिपरिया के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से आ रही ईको गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रॉला ईको वाहन को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए खेत में ले गया। हादसे में ईको वाहन में सवार महिलाओं, बच्चों और चालक समेत करीब 8 से 10 लोग घायल हो गए।
लोहे के गर्डर लेकर पाटन जा रहा था ट्रॉला
जानकारी के अनुसार ट्रॉला क्रमांक HR-38 AL-3399 जबलपुर से लोहे के गर्डर लेकर पाटन की ओर जा रहा था। इसी दौरान पाटन से जबलपुर की ओर आ रही ईको गाड़ी सामने से ट्रॉले की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद ईको का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रॉला उसे घसीटते हुए सड़क से दूर खेत तक ले गया।
स्टेयरिंग और केबिन के बीच फंसा चालक
हादसे में ईको वाहन का चालक स्टेयरिंग और केबिन के बीच बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल महिलाओं और बच्चों सहित सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
ट्रॉला जब्त, फरार चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने ट्रॉला जब्त कर लिया है, जबकि हादसे के बाद मौके से फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


