July 23, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में शहपुरा विकासखंड की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न



जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शहपुरा विकासखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, शहपुरा एसडीएम सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, जनशिक्षक, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विद्यालयों में बच्चों के नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण तथा विद्यालयों में प्रवेश की स्थिति व शैक्षणिक गुणवत्‍ता की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के साथ ही साइकिल एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण पूर्ण करने का प्रयास किया जाए। साथ ही आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें शीघ्र विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कम नामांकन वाले विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जनशिक्षक एवं सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को चाइल्ड ट्रैकिंग सर्वे के दौरान पलायन करने वाले परिवारों की सूची तैयार करने एवं उनका सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अनुमान लगाने के बजाय प्रत्येक बच्चे की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए।

बैठक में अपार आईडी निर्माण की कक्षा वार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने जनशिक्षकों की विद्यालयों में नियमित भ्रमण की जानकारी ली। उन्होंने नियमित भ्रमण नहीं करने वाले जनशिक्षक की जानकारी लेते हुए संबंधित जनशिक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। सांदीपनि विद्यालय में भवन परिवर्तन के कारण नामांकन प्रभावित होने की जानकारी पर कलेक्टर श्री सिंह ने नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि आंगनबाड़ी से विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों की नियमित निगरानी की जा सके।

कलेक्टर श्री सिंह ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी में एएनसी रजिस्ट्रेशन की ग्रामवार समीक्षा की। श्री सिंह ने सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीयन व इसके फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्‍होंने एनिमिक महिलाओं की जानकारी लेकर भी उनके स्‍वास्‍थ्‍य सुधार की दिशा में आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप किया जाए। श्री सिंह ने मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु के प्रत्येक प्रकरण की कारणवार समीक्षा करने तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाए तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले सभी बच्चों की फेसियल स्कैन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने, केन्द्रों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्‍यमंत्री बाल आरोग्‍य कार्यक्रम अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने की समीक्षा भी की।

कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने पशुपालन विभाग की दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान, कृषि विभाग के माध्यम से ई-विकास पोर्टल द्वारा खाद वितरण तथा उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं अन्य शासकीय कार्यालयों में पेयजल टंकियों की नियमित सफाई कराई जाए तथा अंतिम सफाई की तिथि अंकित करने वाले स्टीकर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उन्होंने हैंडपंपों के क्लोरीनेशन का कार्य समय पर कराने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षाकाल में जलजनित बीमारियों की रोकथाम की जा सके।

अन्य ख़बरें

दिल्ली में NSA लागू : उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को दिए 3 महीने के लिए कड़े अधिकार, राजपत्र अधिसूचना जारी

Newsdesk

नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नए नियमों का दिया गया प्रशिक्षण

Newsdesk

नशे के खिलाफ कुरई पुलिस का बड़ा जनजागरण अभियान, हजारों छात्रों को दिलाई नशा मुक्त भारत की शपथ

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading