जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज गोहलपुर पुलिया निर्माण कार्य के निरीक्षण के साथ राइट टाउन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक एवं खेल परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जन-उपयोगी बनाए रखने के उद्देश्य से निरंतर सघन निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग अभियान चलाया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान स्थल पर गंदगी एवं सी.एन.डी. मटेरियल पाए जाने पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर परिसर की सफाई हेतु अनुबंधित एजेंसी ‘कौन्तेय वेंचर्स’ के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए मौके पर ही ₹5,000/- रुपये पांच हजार मात्र का स्पॉट फाइन वसूल किया गया।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि खेल परिसरों की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्यवाही जारी रहेगी, ताकि खिलाड़ियों एवं नागरिकों को एक स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण प्राप्त हो सके।


