सफाई मित्रों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 की दी गई जानकारी
जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सफाई मित्रों से सीधा संवाद किया और उनके कार्य की सराहना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
निगमायुक्त ने कहा कि सफाई मित्र केवल कचरा उठाने वाले नहीं, बल्कि नगर निगम के वास्तविक प्रतिनिधि हैं। जब वे फील्ड में उतरते हैं, तो उनकी छवि ही पूरे निगम की छवि को दर्शाती है। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई मित्र नागरिकों से मित्रवत और सम्मानजनक संवाद स्थापित करें, ताकि शहरवासी स्वच्छता को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझ सकें।
स्वच्छता चौपाल से घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि वार्ड स्तर पर ‘स्वच्छता चौपाल’ का आयोजन किया जाए। इन चौपालों के माध्यम से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और जनसामान्य के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता रैंकिंग में शहर को आगे ले जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
*
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रति किया जागरूक
प्रशिक्षण सत्र में सफाई मित्रों को अद्यतन हुए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रमुख बिंदुओं और वैज्ञानिक निष्पादन तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सफाई मित्रों को कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण, डोर-टू-डोर कलेक्शन को अधिक प्रभावी बनाने और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने की बारीकियों से अवगत कराया गया।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए उन्हें कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों ग्लोव्स, मास्क, जैकेट आदि का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के साथ आत्मीय और मित्रवत व्यवहार से न केवल कचरा प्रबंधन आसान होगा, बल्कि शहर में स्वच्छता के प्रति एक नया जन-आंदोलन खड़ा होगा।
कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव,स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा आदि उपस्थित रहे।


