शहडोल 25 जुलाई 2026_ पुलिस अधीक्षक शहडोल श्री संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत नगरपालिका धनपुरी के इनडोर स्टेडियम में नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बालक हायर सेकेंडरी स्कूल धनपुरी, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल धनपुरी तथा रेड रोज स्कूल धनपुरी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय नागरिकों सहित लगभग एक हजार लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
शहडोल पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध संचालित जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।


