जबलपुर। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, भोपाल द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से महाकौशल महाविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आज संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में “सेवा, सुशासन के 12 वर्ष ‘वीबी जी राम जी’ तथा कारगिल विजय गाथा विषयों पर आधारित चित्रों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प और भारतीय सेना के शौर्य एवं बलिदान को प्रदर्शित किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी रचना बोरिया ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल सशक्तिकरण पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान प्रश्नोत्तरी, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि गीत-नाटक दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का संदेश दिया। छात्र-छात्राओं ने सेवा और सुशासन का संदेश देते हुए जागरूकता रैली भी निकाली।
समापन समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक एवं प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी, अतुल पांडे, प्रो. अरुण शुक्ल, प्रो. ए.सी. तिवारी तथा डॉ. ज्योति जुनगरे ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जबकि अतुल पांडे ने फोटो प्रदर्शनी को जनसामान्य तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।


