जबलपुर। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आयोजित जनसुनवाई में आज निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने 80 आवेदकों के आवेदन पत्र पर सुनवाई की। उनके द्वारा आवेदकों को मौके पर ही सुनवाई कर राहत प्रदान की गई। इस संबंध में उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान निगम के कॉलोनी सेल, अतिक्रमण शाखा, संपदा शाखा,तथा स्वच्छता व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं जन-सुलभ बनाने की दिशा में आवेदन प्राप्त हुए जिस पर त्वरित कार्रवाई की गई।
जनसुनवाई के दौरान सड़क, नाली, प्रकाश व्यवस्था एवं राजस्व से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की सुनवाई करते हुए निगमायुक्त श्री अहिरवार द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर चांडाल भाटा क्षेत्र से आए नागरिकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से संज्ञान में लिया गया तथा निगम द्वारा आश्वस्त किया गया कि उक्त क्षेत्र की नागरिक समस्याओं का शीघ्र ही त्वरित एवं स्थायी समाधान किया जाएगा।
निगम परिसर में आयोजित जनसुनवाई में समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ आवेदकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया। सुशासन की दृष्टि से उपस्थित नागरिकों के लिए चाय तथा कांच की बोतलों में स्वच्छ पेयजल की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
*जनसुनवाई के मात्र 2 घंटे पश्चात बड़ी कार्रवाई*
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर निगम प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। इस संबंध में निगमायुक्त ने बताया कि सुनवाई समाप्त होने के मात्र दो घंटे के भीतर सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड नेहरू नगर)के अंतर्गत बिना अनुमति एवं नियम विरुद्ध संचालित दो दुकानों तथा एक कमर्शियल बिल्डिंग को तत्काल प्रभाव से सील करने की दंडात्मक कार्रवाई की गई।
*संयुक्त दल द्वारा की गई कार्रवाई*
निगमायुक्त के सख्त निर्देशों के अनुक्रम में यह प्रभावी कार्रवाई बाजार, अतिक्रमण, भवन शाखा एवं अग्निशमन विभाग के संयुक्त दल द्वारा संपादित की गई। उक्त कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सौरभ मिश्रा, मनोज श्रीवास्तव के साथ सहायक आयुक्त श्रीमती कामिनी लिल्हारे, बाजार विभाग से श्री जोशी, अतिक्रमण दस्ते से दीपेंद्र रावत एवं बृज किशोर, भवन शाखा से मिथिलेश चैबे तथा अग्निशमन दल से फायर अधीक्षक कुशाग्र एवं राजेंद्र पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


