जबलपुर। शहर में नगर निगम की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां नगर निगम की सफाई गाड़ी की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद वाहन मालिकों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।पीड़ित युवक ने बताया कि वह अपनी होंडा शाइन बाइक खड़ी कर पास में काम कर रहा था। इसी दौरान नगर निगम की सफाई गाड़ी वहां पहुंची और कथित लापरवाही के चलते पहले एक अन्य बाइक को अपनी चपेट में लिया, जिसके बाद सफाई वाहन उसकी होंडा शाइन पर चढ़ गया। हादसे में बाइक का हैंडल, टैंक और चेसिस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।इस घटना में एक अन्य युवक की दोपहिया भी क्षतिग्रस्त हुई। पीड़ितों का कहना है कि दोनों वाहनों को मिलाकर करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
पीड़ितों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों की पूरी क्षतिपूर्ति और उचित मुआवजा जल्द उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।


