जबलपुर। धनवंतरी नगर क्षेत्र स्थित होटल सिटी मैक्स में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग होटल के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। उनका कहना है कि होटल में आए दिन युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे आसपास के रहवासियों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और परिवारों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि होटल के समीप ही भगवान हनुमान का मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि होटल में कथित गतिविधियों के चलते मंदिर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और होटल परिसर की जांच की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, होटल प्रबंधन की ओर से अभी तक आरोपों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में संचालित हो रहे होटल और लॉज की नियमित जांच की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।


