जबलपुर। अवैध हथियारों की तस्करी एवं कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहोरा पुलिस ने एक आरोपी को 4 देशी कट्टे और 2 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त आरोपियों की पतासाजी कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुश्री अनु बेनीवाल एवं एसडीओपी सिहोरा श्री आदित्य सिंघारिया के मार्गदर्शन में थाना सिहोरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियारों सहित गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी सिहोरा श्रीमती प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि हड़हा मोहल्ला निवासी भानू तिवारी देशी कट्टे लेकर मामे दा ढाबा के पीछे किसी व्यक्ति को देने जाने की बात कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मामे दा ढाबा के आगे मुरूम खदान के पास सिलौड़ी रोड पर दबिश दी। वहां मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति हाथ में कत्थई रंग का थैला लिए खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानू तिवारी (29 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-1, हड़हा मोहल्ला, सिहोरा बताया। पुलिस ने उसके कब्जे में रखे थैले की तलाशी ली, जिसमें 4 नग देशी कट्टे एवं 2 कारतूस बरामद हुए।
आरोपी से हथियारों के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि ज्वालामुखी निवासी स्वयं चौबे ने उसे देशी कट्टे एवं कारतूस बेचने के लिए दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार एवं कारतूस जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। अवैध हथियारों के साथ आरोपी को पकड़ने में सहायक उप निरीक्षक अमृतगिरी गोस्वामी, नीरज चौरसिया, संदीप कौरव एवं देवराज की सराहनीय भूमिका रही।


