:
जबलपुर। जिला न्यायालय गेट नंबर-3 पर हंगामा, युवक-युवती को लेकर विवाद; बजरंग दल ने पुलिस को सौंपा
जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 के बाहर गुरुवार को एक युवक और युवती को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और दोनों को रोक लिया। इस दौरान मौके पर हंगामा हुआ तथा युवक के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई।
जानकारी के अनुसार, युवती राजस्थान की रहने वाली बताई जा रही है, जबकि युवक जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र का निवासी है। संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवती को उसके परिजनों की जानकारी के बिना जबलपुर लाया गया था और दोनों शादी करने की तैयारी में थे। कार्यकर्ताओं ने इसे कथित “लव जिहाद” का मामला बताते हुए विरोध जताया।
सूचना मिलने पर ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने युवक और युवती को सुरक्षित थाने ले जाकर दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने “लव जिहाद” संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


