जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के एमएलबी स्कूल के पास वॉकिंग स्ट्रीट के सामने स्थित राजीव आवास योजना के समीप गुरुवार को नगर निगम का कचरा परिवहन टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम का टैंकर राजीव आवास योजना में सफाई कार्य पूरा कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे में टैंकर का पिछला पहिया धंस गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। पलटते ही टैंकर की चपेट में खड़ी दो मोटरसाइकिलें आ गईं।
पीड़ित वाहन मालिकों ने नगर निगम की लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और करीब 1.55 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। टैंकर को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है, जबकि दुर्घटना के बाद से चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।


