जालेश्वर धाम तक करेंगे पदयात्रा, सेवादल कार्यकर्ताओं से करेंगे संवादअमरकंटक/अनूपपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव एवं कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय सचिव (मध्य प्रदेश) तथा प्रदेश सेवादल प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा दो दिवसीय प्रवास पर 2 अगस्त को अनूपपुर जिले के पवित्र नगरी अमरकंटक पहुंचेंगे।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. एहसान अली अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेता 2 अगस्त को इंदौर-बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस से सुबह लगभग 10 बजे अनूपपुर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, जहां से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगे।
अमरकंटक पहुंचने पर वे कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसके बाद मां नर्मदा उद्गम मंदिर, सोनमुड़ा, माई की बगिया, कपिलधारा सहित अन्य प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। रात्रि विश्राम अमरकंटक में रहेगा।
3 अगस्त की प्रातः लगभग 5 बजे प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव एवं प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा सेवादल कार्यकर्ताओं के साथ मां नर्मदा उद्गम मंदिर से पवित्र नर्मदा जल लेकर जालेश्वर धाम तक पदयात्रा करेंगे तथा भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 12 बजे अमरकंटक से अनूपपुर के लिए रवाना होंगे और वहां से बिलासपुर–इंदौर ट्रेन द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।
जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. एहसान अली अंसारी ने जिले के समस्त सेवादल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 2 अगस्त को अमरकंटक पहुंचकर प्रदेश नेतृत्व का स्वागत करें तथा प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें।


