शिमला, 1 अगस्त हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है और अगली सरकार भाजपा की बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की बदहाली और विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार का भविष्य नहीं है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कई गंभीर मुद्दे हैं। जनता ने कांग्रेस को सेवा करने का अवसर दिया था, लेकिन जनता की सेवा करना तो दूर, आज हर विभाग में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार में केवल नेता ही नहीं, बल्कि अधिकारी भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली से कांग्रेस के भीतर भी असंतोष है। उनके अनुसार, पार्टी हाईकमान ने इस संबंध में रिपोर्ट तलब की है और यदि मुख्यमंत्री अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं करते हैं, तो उन्हें बदला भी जा सकता है। इसीलिए, सीएम सुक्खू को मेरे भविष्य की परवाह नहीं करनी चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में कुछ अधिकारी भी अपनी सीमाएं लांघकर काम कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पूर्व विधायकों को जिस तरह मुख्यमंत्री निशाना बना रहे हैं, वह हिमाचल प्रदेश की राजनीतिक परंपरा के अनुरूप नहीं है। भाजपा ऐसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है और इससे सरकार को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला।
जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी अपनी मर्यादा से बाहर जाकर कार्य कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि इस सरकार का भविष्य अधिक लंबा नहीं है। आज हालात ऐसे हैं कि पुलिस अधिकारी भी आपस में टकराव की स्थिति में दिखाई दे रहे हैं।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि सरकार आखिर किस बात से इतनी डरी हुई है? कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रदेश में लगातार हत्याएं हो रही हैं। शिमला जैसे शहर में भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं और कई मामलों में बेहद नृशंस तरीके से लोगों की हत्या की गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस शासन में मीडिया और आम नागरिकों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता भी प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि यदि कोई मीडिया संस्थान सरकार के खिलाफ खबर प्रकाशित करता है, तो उसके विज्ञापन बंद कर दिए जाते हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर सरकार से सवाल पूछने वाले लोगों के अकाउंट बंद करवाए जाते हैं और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाती है। लोकतंत्र में सरकारों को आलोचना से सीख लेनी चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू न तो अपने खिलाफ कुछ सुनना चाहते हैं और न ही पढ़ना चाहते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र का अपमान बताया।


