जबलपुर। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज आयोजित समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण एवं समय सीमा पर निराकरण करते हुए कहा कि सभी विभाग 50 दिवस, 100 दिवस एवं उससे अधिक अवधि की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने एल-1 स्तर के अधिकारियों को स्वयं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने तथा सभी जिला अधिकारियों को अपने मोबाइल में सीएम हेल्पलाइन एप का उपयोग कर शिकायतों की नियमित निगरानी करने तथा प्रतिदिन शिकायतों के निराकरण की प्रगति साझा करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगामी जनविश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार सभी जिला अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर शिकायतों का मौके पर निराकरण करेंगे। इस दिन नियमित बैठकें आयोजित नहीं होंगी तथा अभियान के दौरान जनसंवाद एवं उद्योग संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के आयोजन में सादगी अपनाने तथा अनावश्यक खर्च से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग विभाग को एमएसएमई, कुटीर उद्योग एवं स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
बैठक में जल जीवन मिशन से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने पीएचई एवं जल निगम के लंबित प्रकरणों, एफएचटीसी, मल्टीपल बिलिंग, मीटर संबंधी समस्याओं तथा अन्य तकनीकी मुद्दों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों, कुपोषण मुक्ति अभियान, राशन दुकानों, शासकीय परिसंपत्तियों, आईटीआई, पैक्स एवं लोक सेवा केंद्रों का निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।
बैठक में कृषि उपज मंडी के अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की जानकारी नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने खाद वितरण, सहकारिता विभाग की नई सदस्यता, जमा राशि एवं ऋण वसूली की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दस्तक अभियान एवं टीबी उन्मूलन अभियान में तेजी लाने के निर्देश संबंधित दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने शिक्षा विभाग को विद्यालयों से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण तथा जनजातीय कार्य विभाग को विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों के संबल पंजीयन, लंबित प्रकरणों एवं अनुग्रह सहायता राशि के मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों को जनविश्वास अभियान के पूर्व आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा पुनर्घनत्वीकरण परियोजनाओं के लिए तैयार स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। साथ ही रोस्टर निर्धारण की प्रक्रिया की जानकारी अधिकारियों को दी गई।


