अतिक्रमण और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में संचालित शराब दुकान के आसपास बढ़ती अव्यवस्थाओं और मेट्रो बस स्टॉप पर अतिक्रमण को लेकर मंगलवार को नगर कांग्रेस सचिव श्रेष्ठ सिंह ठाकुर ने सीएसपी गढ़ा आशीष जैन को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि शराब दुकान के बाहर खुलेआम शराब का सेवन किया जाता है। नशे की हालत में लोगों द्वारा गाली-गलौज, विवाद और शोर-शराबा करने से क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है। इससे महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों और राहगीरों को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। कई बार इन गतिविधियों के कारण यातायात भी प्रभावित होता है।
श्रेष्ठ सिंह ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि शराब दुकान के पास स्थित मेट्रो बस स्टॉप पर अतिक्रमण होने से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बस स्टॉप पर पर्याप्त स्थान नहीं होने के कारण लोगों को सड़क पर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि शराब दुकान के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, खुले में शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा मेट्रो बस स्टॉप से अतिक्रमण हटाकर यात्रियों के लिए सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन प्राप्त होने के बाद सीएसपी आशीष जैन ने मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता सुरेश ठाकुर ने भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पुलिस प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।


