पुलिस की सुस्ती पर भड़की पीड़िता ने खोले कई राज़!
जबलपुर। रामपुर से एसपी आफिस आई एक पीड़ित युवती ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 17 साल की उम्र से कौस्तुभ पटेल नामक युवक ने उसे अपने जाल में फंसाकर लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उसका शोषण किया। इस मामले में महिला थाने में बमुश्किल एक एफआईआर तो दर्ज हो गई है, लेकिन घटना का एक महीना बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़िता का गुस्सा फूट पड़ा है। युवती का आरोप है कि आरोपी के माता-पिता, भाई और अन्य राजनीतिक लोग उसे लगातार जान से मारने और अपहरण करने की खुली धमकियां दे रहे हैं।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से भी स्थिति स्पष्ट की गई है, जहाँ एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नाबालिग काल से ही सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क और शोषण के आरोपों पर महिला थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जा रही है और यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता या धमकियों के ठोस सबूत मिलते हैं, तो उन पर भी नियमानुसार सख्त कानूनी धाराओं को जोड़कर जल्द से जल्द गिरफ्तारियां सुनिश्चित की जाएंगी।


