डी मार्ट से जप्त किया गया 1.40 लाख का रूपये का 200 किलो श्रीधी घी
जबलपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन भोपाल तथा जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कल बुधवार की रात से लेकर आज गुरूवार को शहर स्थित मल्टी ब्रांड स्टोर्स और पिज्जा सेंटर्स का औचक निरीक्षण कर मिलावट की आशंका पर 215 किलो घी और 25 किलो पनीर जप्त किया है। जप्त किये गये घी की कीमत 1 लाख 54 हजार रूपये बताई गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डी मार्ट के तिलहरी और विजय नगर स्थित स्टोर्स से मिलावट की आशंका पर 200 किलो श्रीधी घी जप्त किया है तथा परीक्षण हेतु नमूने लिये गये हैं। जप्त घी की कीमत 1लाख 40हजार रूपये है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्वारीघाट स्थित डोमिनोज पिज्जा एवं रसल चौक स्थित डोमिनोज पिज्जा का भी निरीक्षण कर पनीर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार सिविक सेंटर स्थित गोविंदा पिज्जा सेंटर से भी पनीर का नमूना लिया गया।
इसके अतिरिक्त तिलहरी स्थित ब्लिंकिट स्टोर से 14 हजार रूपये कीमत का 15 लीटर गोवर्धन काऊ घी की जब्त किया गया तथा निवाडगंज स्थित शिवम डेयरी से संदेह के आधार पर 25 किलो पनीर जप्त किया गया और पनीर एवं घी के नमूने लिये गये। इसी क्रम में विजय नगर स्थित राजा डेयरी से भी पनीर का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान लिये गये सभी नमूने जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


