250 नव आरक्षक महिला आरक्षकों ने लिया तनाव प्रबंधन एवं मानसिक-आध्यात्मिक विकास का प्रशिक्षण
जबलपुर। 6वीं वाहिनी जबलपुर के सेनानी सिद्धार्थ चौधरी (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक, पीटीएस, 6वीं वाहिनी जबलपुर श्रीमती श्रद्धा सोनकर के मार्गदर्शन में 20 से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय हार्टफुलनेस मेडिटेशन प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 20 अगस्त को निरीक्षक श्री विक्रम सिंह एवं सुरेंद्र विश्वकर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को हार्टफुलनेस रिलैक्सेशन एवं ध्यान कराया। द्वितीय दिवस 21 अगस्त को श्रीमती आभा जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता सत्येंद्र जैन एवं श्री संजीव ताम्रकार द्वारा क्लीनिंग सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस 22 अगस्त को डॉ. यतिन खेर द्वारा प्रार्थना सत्र कराया गया, जिसके साथ तीन दिवसीय प्रशिक्षण का विधिवत समापन हुआ।
प्रशिक्षण में जिला बल की लगभग 250 नव आरक्षक महिला आरक्षकों ने अनुशासन, उत्साह एवं तल्लीनता के साथ सहभागिता की। नवाचार के रूप में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों के बौद्धिक विकास, शारीरिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नियमित ध्यान, आंतरिक शांति, मानसिक एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से तनावपूर्ण परिस्थितियों में स्वयं को संतुलित रखने के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। पुलिस सेवा की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक दृढ़ता एवं एकाग्रता बनाए रखने के लिए ध्यान को उपयोगी बताया गया।
इस अवसर पर निरीक्षक विजय मेहरा, स्वरूप सिंह उईके सहित समस्त प्रशिक्षक दल ने भी ध्यान एवं प्रशिक्षण सत्रों में सहभागिता की। तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
प्रशिक्षणार्थियों ने हार्टफुलनेस मेडिटेशन को दैनिक जीवन एवं पुलिस सेवा में तनाव प्रबंधन, मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच के लिए उपयोगी बताते हुए प्रशिक्षण के प्रति सकारात्मक अनुभव व्यक्त किए।


