जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित साकेत धाम आश्रम के पीछे से अज्ञात चोर चंदन का पेड़ काटकर ले गए। घटना की जानकारी सुबह होने पर सामने आई। आश्रम प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार साकेत धाम में प्रबंधक के पद पर पदस्थ राकेश कुमार कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 10:30 बजे आश्रम के कर्मचारी खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। आश्रम का सुरक्षा गार्ड नरेश रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी पर तैनात था।
सुबह करीब 6:30 बजे आश्रम के कर्मचारी धर्मेंद्र पासी पीछे की ओर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि परिसर में लगा चंदन का पेड़ गायब है। मौके पर पेड़ काटे जाने के निशान मिले। आसपास के क्षेत्र में तलाश करने के बावजूद चंदन के पेड़ या उसे काटकर ले जाने वाले आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना आश्रम प्रबंधन को देने के बाद ग्वारीघाट थाना पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। आश्रम में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद चंदन का पेड़ काटकर ले जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।.


