कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थी हुंकार अभियान के तहत आज जबलपुर में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ABVP ने प्रदेश के कालेजों व यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं की दिक्कतों को देखते हुए 17 सूत्रीय मांगे उठाई है।
ABVP के कार्यकर्ताओं ने स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ छात्रावास, पुस्तकालय सुविधा, प्रयोगशालाओं का उन्नयन, खेल सुविधाएं, पर्यावरणयुक्त परिसर, बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था (CCTV कैमरे, बाउंड्रीवॉल), साइकिल/वाहन पार्किंग, इंटरनेट एवं डिजिटल सुविधा, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, प्राथमिक उपचार सुविधा, विद्यार्थी सहायता केंद्र, कॉमन रूम, कैंटीन सुविधा और विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल जैसी मूलभूत आवश्यकताएं शामिल हैं।ABVP का कहना है कि छात्र पूरी फीस जमा करते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। ABVP ने जोर दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संगठन ने सरकार से इन मांगों पर तत्काल संज्ञान लेने और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। प्रदर्शन के बाद, प्रशासन की ओर से ABVP प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाया जाएगा। यह ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार तक भेजा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की भावनाओं और मांगों से मंत्री को अवगत कराकर उन पर उचित विचार और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।


