धक्का देकर गिराया; CCTV में कैद हुई वारदात
जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र की छोटी बजरिया में रविवार रात बदमाशों ने पता पूछने के बहाने एक महिला से मोबाइल लूट लिया। मोपेड सवार तीन बदमाशों ने पहले महिला से बातचीत की और मौका मिलते ही धक्का देकर उसके हाथ से मोबाइल झपट लिया। अचानक धक्का लगने से महिला सड़क पर गिर गई। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, छोटी बजरिया स्थित दुर्गा मंदिर के पास रहने वाली 35 वर्षीय शिवांगी वर्मा रविवार रात करीब 9:30 बजे घर के सामने गली में टहलते हुए मोबाइल पर बात कर रही थीं। इसी दौरान एक मोपेड पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनसे पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे।
महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बदमाशों ने उन्हें धक्का दिया और हाथ से मोबाइल छीनकर मोपेड से फरार हो गए। धक्के से शिवांगी सड़क पर गिर पड़ीं। इसके बावजूद उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकले।
घटना के बाद महिला ने परिजनों को सूचना दी और उनके साथ गढ़ा थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
गढ़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार फुटेज के आधार पर मोपेड के नंबर और आरोपियों के हुलिए की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


