जबलपुर। “वोकल फॉर लोकल केवल नारा नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का राष्ट्रीय संकल्प है।” यह बात मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भोपाल के मानसरोवर सभागार में आयोजित कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 250 व्यापारी नेताओं एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि स्थानीय उत्पादों, छोटे व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में प्रत्येक व्यापारी और नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। कैट के राष्ट्रीय महासचिव एवं चांदनी चौक सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को डिजिटल तकनीक, ई-कॉमर्स तथा नए बाजारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देकर व्यापार, रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने कहा कि प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाएगा। प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष गोविंद दास असाटी ने सम्मेलन की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कैट प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी का सम्मान किया। जबलपुर से जितेंद्र पचौरी, संदेश जैन, दीपक सेठी, राजीव बड़ेरिया, मदन अवस्थी, तरुण अग्रवाल और सीमा सिंह चौहान ने सहभागिता की। सम्मेलन में स्वदेशी, डिजिटलीकरण, ई-कॉमर्स और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।


