दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने किया रक्तदान
जबलपुर। थैलेसीमिया, सिकलसेल सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मदद के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थैलेसीमिया जनजागरण समिति, हेल्पिंग हैंड एवं वीणा गारमेंट और पुरुस्वानी परिवार के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत वीणा गारमेंट के प्रतिष्ठान में कार्यरत स्टॉफ ने स्वेच्छा से रक्तदान कर पीड़ित मानवता की सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रक्तदान के दौरान दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। रक्त संग्रहण का कार्य मेडिकल ब्लड बैंक की टीम द्वारा किया गया।
इस दौरान रक्तदाताओं ने कहा कि उनका यह छोटा सा प्रयास किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आयोजकों ने बताया कि थैलेसीमिया और सिकलसेल जैसी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त की उपलब्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से संस्थाओं द्वारा लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सभी को आना चाहिए आगे
इस अवसर पर थैलेसीमिया जनजागरण समिति एवं हेल्पिंग हैंड के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के अन्य संस्थानों और प्रतिष्ठानों को भी इस तरह की पहल के लिए आगे आना चाहिए। वहीं वीणा गारमेंट प्रबंधन ने कहा कि सामाजिक सरोकारों के तहत भविष्य में भी रक्तदान एवं अन्य सेवा कार्यों में सहभागिता जारी रखी जाएगी। रक्तदान करने वाले कर्मचारियों ने भी इसे मानव सेवा का अवसर बताते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने से बड़ी सेवा कोई नहीं है।


