स्थानीय लोगों को पास, कृषि वाहनों को छूट और मनमानी वसूली रोकने की मांग
जबलपुर। सिवनी टोला स्थित टोल नाके को लेकर क्षेत्रीय किसानों, व्यापारियों और नागरिकों को हो रही परेशानियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण एवं क्षेत्रीय व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने टोल व्यवस्था में सुधार के साथ स्थानीय लोगों को राहत देने की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई कि टोल प्लाजा को अनुबंध में निर्धारित चैनज किमी 4.000 से 5.000 के बीच ही स्थापित किया जाए। स्थानीय निवासियों एवं नियमित रूप से आवागमन करने वाले वाहनों के लिए दैनिक और मासिक पास की व्यवस्था की जाए। कृषि कार्य में उपयोग होने वाले वाहनों तथा कृषि उपज के परिवहन के लिए नियमानुसार पात्र वाहनों को टोल शुल्क से छूट दी जाए। साथ ही मनमानी टोल वसूली और जुर्माने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने तिलवारा से 6.70 किलोमीटर टिल रिंग रोड तक चल रहे अथवा प्रस्तावित निर्माण कार्य का मुद्दा भी उठाया। निर्माण के दौरान यातायात बाधित होने और स्थानीय नागरिकों को हो रही असुविधा को देखते हुए इस अवधि में टोल वसूली की व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की गई।
बताया गया है कि प्रशासन द्वारा समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिए जाने के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई नहीं होने पर किसानों, व्यापारियों और नागरिकों के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के प्रवक्ता विवेक यादव ने बताया कि ज्ञापन में टोल प्लाजा का निर्धारित स्थान, स्थानीय लोगों के पास, कृषि वाहनों को नियमानुसार छूट, मनमानी वसूली पर रोक तथा निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से रखे गए।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव, लक्ष्मीकांत शुक्ला, अंशु ठाकुर, विवेक यादव, चमन राय, श्याम सुंदर यादव बब्बू, हर्षवर्धन पटेल, अन्नू यादव सहित क्षेत्रीय व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


