बालाघाट 01 अक्टूबर 2026। शासकीय कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय, बालाघाट में प्राचार्य डॉ. निधि ठाकुर की अध्यक्षता एवं आईक्यूएसी के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 47 में बच्चों को पठन सामग्री एवं पोषण आहार वितरित किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, सामुदायिक दायित्व की भावना तथा छोटे बच्चों के सुपोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूकता का प्रसार करना रहा। एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं प्राध्यापकों ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में बिखरे प्लास्टिक, सूखे पत्तों एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर उनका उचित निस्तारण किया गया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 47 में बच्चों को शिक्षा के प्रति आकर्षित करने एवं सीखने की प्रक्रिया को मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से पठन किट वितरित की गई। साथ ही बच्चों के सुपोषण एवं उत्तम स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें पौष्टिक खाद्य सामग्री भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस पहल के माध्यम से छात्राओं ने स्वच्छता, शिक्षा एवं पोषण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।


