सुकमा, 13 दिसंबर (आरएनएस)। जिले के पालेंम और धुररास के बीच जंगल के अंधेरे में लगभग 03 वर्ष की एक बच्ची मिली जो शायद घर से भटककर जंगल आ गई थी, उस बच्ची को अशोक साहू के द्वारा लाकर थाना प्रभारी कुकानार मनीश मिश्रा को सुपुर्द किया गया। सुकमा निवासी अशोक साहू जगदलपुर से सुकमा अपनी कार से वापसी के दौरान वह बच्ची जंगल में अकेली मिली थी।
थाना प्रभारी मनीष मिश्रा के द्वारा ठंड से ठिठुरती और भूख से बेहाल मासूम बच्ची के लिए तत्काल गरम कपड़े और भोजन की व्यवस्था करने के बाद बच्ची के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आंजनेय एवं उप पुलिस अधीक्षक सुश्री पारुल अग्रवाल को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त बच्ची के परिजनों की पतासाजी करते हुये आसपास के सभी सरपंचों, जिम्मेदार नागरिकों से यथा संभव संपर्क स्थापित किया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से बच्ची का फोटो शेयर कर पता करने पर बच्ची पास ही के गांव हमीरगढ़ के माहरा पारा हड़मा वेटटी की सुपुत्री दीपो वेटटी के रूप में उसकी पहचान होने पर बच्ची को परिजनों को सौंपाकर बच्ची के उचित देखभाल करने समझाईस भी दी गई है।


