खरगोन,१४ दिसम्बर (आरएनएस)। खरगोन जिले के सनावद में गत रात करीब ११ बजे लुटेरों ने एक सर्राफा कारीगर की गोली मारकर हत्या कर दी और करीब डेढ़ किलो सोना लूटकर फरार हो गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी ईबादुल हक उर्फ बब्लू शेख (३५) सनावद में जेवर तराशने का काम कराता था। गत रविवाररात वह जरदार चौक से सुभाष चौक की ओर एक्टिवा से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे लुटेरों ने बब्लू पर तीन फायर किए और सेना लेकर फरार हो गए। कारीगर को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिद्धार्थ चौधरी ने मौके पर मुआयना कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।


