जबलपुर। दमोह से जबलपुर आई मां-बेटी के बैग से बस यात्रा के दौरान सोने के झाला चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने बरगी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। चोरी गया सोना करीब 10 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग ₹1.20 लाख है।
पुलिस के अनुसार दमोह गार्ड लाइन निवासी सीमा जैन अपनी मां गुणमाला जैन के साथ गुरुवार को पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में शामिल होने जबलपुर आई थीं। शाम करीब 5:30 बजे वे शहर पहुंचीं और यहां से बरगी जाने के लिए बस में सवार हुईं। दोनों एक ही सीट पर बैठकर सफर कर रही थीं।
रात लगभग 8:30 बजे जब वे बरगी बस स्टैंड पर उतरीं और अपनी बहन के घर पहुँचीं, तब पर्स खोलने पर उन्हें पता चला कि उसमें रखी प्लास्टिक की डिब्बी गायब है। सीमा जैन ने बताया कि डिब्बी में सोने के झाले रखे थे, जो कहीं रास्ते में बस में ही चोरी हो गए।
पुलिस का मानना है कि किसी अज्ञात चोर ने भीड़ का फायदा उठाते हुए बैग से डिब्बी निकाल ली। बरगी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बस स्टैंड और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित महिलाओं ने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही आरोपी तक पहुंचकर उनका सोना बरामद करेगी। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती सामान को सुरक्षित रखकर सतर्कता बरतें।


