जबलपुर जिले में नववर्ष की पूर्व संध्या को देखते हुए ओमती थाना पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के प्रमुख नौदरा ब्रिज चौराहे पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहनता से जांच की।
सीएसपी सोनू कुर्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि नववर्ष की रात किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, अमान्य ड्राइविंग लाइसेंस, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस द्वारा शहर के अन्य थाना क्षेत्रों जैसे हनुमानताल, मालवीय चौक सहित आसपास के इलाकों में भी चेकिंग प्वाइंट लगाए गए हैं। सीएसपी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि नववर्ष का स्वागत शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में किया जा सके।


