नई दिल्ली, 4 जनवरी कांग्रेस नेता और पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने वेनेजुएला में अमेरिकी कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सनकी बताया है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के इस पागलपन को अमेरिका के लोग ही शांत करेंगे।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, “डोनाल्ड ट्रंप ने जिस तरह वेनेजुएला की लगातार शांति और स्थिरता को खत्म करने की कोशिश की है, वह दुनिया के लिए सही नहीं है। उनकी नजर दुनिया के सबसे बड़े भंडार, तेल और गैस पर है।”
उन्होंने कहा, “एक तथाकथित सुपरपावर का यह घमंड दुनिया को अशांति की ओर धकेल सकता है। यह पूरी तरह से गलत रास्ता है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सनकी हैं। वह अहंकार से भरे हुए हैं। अमेरिका के लोग ही उनके पागलपन को शांत करेंगे।”


