April 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

देश में कहीं सबसे भ्रष्ट सरकार है तो वह तमिलनाडु की सरकार है: अमित शाह



पुदुक्कोट्टई, 4 जनवरी । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई में ‘तमिलगम थलाई निमिरा तमिलनिन पायनम यात्रा’ के समापन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि 2026 में तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनेगी। आज इस विशाल जनसभा के माध्यम से, मैं तमिलनाडु के लोगों से अपील करता हूं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के विकास के सफर में अपने राज्य का साथ दें।



उन्होंने कहा कि मैं आज आपको, सभी कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि अप्रैल 2026 में तमिलनाडु में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मैं आज इस विराट सभा के माध्यम से तमिलनाडु की जनता का भी आह्वान करना चाहता हूं कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की विकास यात्रा में हम तमिलनाडु को भी जोड़ दें।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में भाजपा, एआईएडीएमके और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर कांग्रेस और डीएमके का मुकाबला करेगी। डीएमके हर मोर्चे पर विफल रही है। अगर देश में कहीं भी सबसे भ्रष्ट सरकार है, तो दुर्भाग्य से वह तमिलनाडु की सरकार है। हर मोर्चे पर डीएमके सरकार विफल रही है।

अमित शाह ने कहा कि अगर अपने घोषणापत्र के सबसे कम वादों को पूरा करने वाली कोई सरकार है तो वह तमिलनाडु में डीएमके सरकार है। तमिलनाडु सरकार का एकमात्र उद्देश्य स्टालिन के पुत्र उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना है। तमिलनाडु में वंशवाद की इस राजनीति का अंत करने का समय आ गया है।

पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उदयनिधि। उन्होंने कहा कि स्टालिन, आपका यह सपना पूरा नहीं होने वाला।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2026 में तमिलनाडु में एनडीए सरकार बनने वाली है। एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन स्वाभाविक गठबंधन है। हमने 1998 में एक साथ चुनाव लड़ा था। हमने 2019 और 2021 के चुनाव भी एक साथ लड़े थे।

गृह मंत्री ने कहा कि स्टालिन ने यह गलत धारणा फैलाई कि एनडीए तमिल भाषा का विरोध करता है। आज मैं तमिलनाडु के लोगों को बताना चाहता हूं कि आईएएस और आईपीएस परीक्षाएं संस्कृत से पहले तमिल में आयोजित करने की पहल प्रधानमंत्री मोदी ने ही की थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में तमिल अध्ययन के लिए सुब्रमण्यम भारती चेयर की स्थापना की। प्रधानमंत्री मोदी ने ही महान ग्रंथ तिरुक्कुरल का 13 भाषाओं में अनुवाद करवाया था।

उन्होंने कहा कि डीएमके सरकार ने तमिलनाडु को कूड़े का ढेर बना दिया है। दूसरे राज्यों का कचरा तमिलनाडु की पवित्र नदियों में डाला जा रहा है। उन्होंने तमिलनाडु में हिंदू धर्म और आस्थाओं का लगातार अपमान करना शुरू कर दिया है।

अमित शाह ने कहा कि तमिलनाडु में इन्होंने (डीएमके) हिंदुओं के अपमान का सिलसिला चलाकर रखा है। अयोध्या में राम मंदिर भूमिपूजन के वक्त तमिलनाडु में अघोषित कर्फ्यू लगाने का काम किया गया। उनके वरिष्ठ नेता सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया बताते हैं। हिंदुओं के मूर्ति विसर्जन पर स्टे लगाने का काम डीएमके सरकार करती है।

अन्य ख़बरें

जेवर के विकास को नई रफ्तार: चोला रेलवे स्टेशन बनेगा आधुनिक ट्रांसपोर्ट हब, एयरपोर्ट से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

Newsdesk

बिहार ने बीते वर्ष 43,324 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड राजस्व संग्रह किया

Newsdesk

असम चुनाव: देबव्रत सैकिया इस बार अपना गढ़ हारेंगे, बोले केंद्रीय मंत्री पवित्र मार्गेरिटा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading