जबलपुर। जबलपुर में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। दोस्तों के साथ जन्मदिन पार्टी मनाने निकला एक युवक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश के बाद माढ़ोटाल थाना में गुमशुदगी दर्ज करवाई, वहीं कुछ ही घंटों बाद पनागर थाना क्षेत्र के पड़रिया नहर में युवक का शव और उसकी बाइक मिलने से हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान नितिन ठाकुर के रूप में हुई है, जो शुक्रवार शाम घर से निकला था। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के अनुसार शनिवार को सूचना मिली कि पड़रिया नहर में एक युवक का शव और बाइक दिखाई दे रही है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
मोबाइल बंद होने से बढ़ी थी चिंता
परिजनों ने बताया कि 16 जनवरी को नितिन का जन्मदिन था। वह शाम को अपने दोस्त विपिन काछी के साथ बाइक से घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने फोन लगाया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। पूरी रात इंतजार के बाद शनिवार सुबह माढ़ोटाल थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
बाइक अनियंत्रित होने से हुआ हादसा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नितिन अपने दोस्त विपिन काछी के साथ बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे चरखी गांव के पास नहर किनारे के रास्ते पर बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में विपिन सड़क पर गिर गया, जबकि नितिन बाइक सहित नहर में जा गिरा और डूब गया। विपिन किसी तरह पनागर थाने पहुंचा और घटना की सूचना दी।
अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू नहीं हो सका। शनिवार को करीब 2 किलोमीटर दूर नहर में नितिन का शव और बाइक तैरते हुए मिले। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पीएम रिपोर्ट से होगी मौत की पुष्टि
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। टीआई ने यह भी बताया कि नितिन ठाकुर के खिलाफ पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


