अनूपपुर। भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश शासन की खेल प्रोत्साहन नीति के अंतर्गत जिला स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स का सफल आयोजन अनूपपुर जिले में संपन्न हुआ। यह आयोजन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडवीया, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग भोपाल के संचालक राकेश गुप्ता तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं संयुक्त संचालक बालू सिंह यादव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोतीउर रहमान तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री जगनाथ मरकाम के मार्गदर्शन में यह आयोजन 17 जनवरी 2026 को बालक वर्ग एवं 18 जनवरी 2026 को बालिका वर्ग के लिए संपन्न हुआ।
अनेक खेलों में दिखी युवाओं की प्रतिभा
कार्यक्रम में एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, थ्रोबॉल, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, पिट्टू, योगासन, बैडमिंटन, शतरंज एवं टेबल टेनिस सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अतिथियों एवं निर्णायकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथियों के प्रेरणादायक विचार
मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी जगनाथ मरकाम ने कहा कि खेलो एमपी यूथ गेम्स जिले की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने ग्राम भैना डोंगरी, जनपद जैतहरी के खिलाड़ी आशुतोष सिंह कोराम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिले में बहुमुखी प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें अवसर और प्रोत्साहन देने की है।
जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष एवं श्रमजीवी पत्रकार परिषद शहडोल संभाग के अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा ने कहा कि शासन द्वारा प्रतिभा खोज के लिए चलाया जा रहा यह अभियान भविष्य में जिले के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।
सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी के व्यवस्थापक डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक उरमलिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ता है और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
सफल आयोजन में सभी का सराहनीय योगदान
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव, सहायक ग्रेड-3 कमलकांत साहू, ब्लॉक समन्वयक दिनेश कुमार सिंह चंदेल (जैतहरी), खेलन प्रसाद कोल (पुष्पराजगढ़), मिथिलेश सिंह नेताम एवं पूरन सिंह श्याम (कोतमा) सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
भव्य मंच संचालन ब्लॉक समन्वयक, स्टेट रेफरी एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव ने किया।
जिले में खेल संस्कृति को मिली नई ऊर्जा
जिला स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स के इस सफल आयोजन की जिले भर में सराहना की जा रही है। खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी तरह नियमित रूप से ऐसे आयोजन होते रहेंगे, जिससे अनूपपुर जिले के खिलाड़ी नई ऊंचाइयों को छू सकें।


