अनूपपुर । फिजूलखर्ची रोकने की दिशा में माहेश्वरी समाज ने सार्थक पहल की है।हाल ही में 9,10 एवं 11 जनवरी 2026 को जोधपुर में आयोजित माहेश्वरी महाकुंभ में पारित प्रस्तावों के अमल के क्रम में,पूर्वी मध्य प्रदेश माहेश्वरी सभा के अंतर्गत गुना जिला माहेश्वरी सभा द्वारा फिजूलखर्ची रोकने की दिशा में 23 जनवरी 2026 को गुना में एक सराहनीय प्रयास किया गया।
शहडोल संभाग माहेश्वरी समाज के जिला अध्यक्ष सुनील मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस क्रम में जिला सभा के तत्वावधान में सामूहिक विवाह आयोजन का सफलतापूर्वक संपन्न होना समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
इस आयोजन में माहेश्वरी समाज के चार विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके परिवारजनों को समझाकर,दोनों पक्षों की समुचित काउंसलिंग कर सम्मेलन का आयोजन किया गया,ताकि विवाह में होने वाले अनावश्यक दिखावे एवं फिजूलखर्ची पर नियंत्रण किया जा सके और समाज को एक सकारात्मक व अनुकरणीय दिशा प्रदान की जा सके।
यह प्रयास आशातीत रूप से सफल रहा। इस अवसर पर प्रदेश सभा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश मानद मंत्री,महासभा कार्यसमिति सदस्य,महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्षा,ग्वालियर एवं भोपाल अंचल के आंचलिक उपाध्यक्ष सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अनेक सदस्य तथा महासभा कार्यकारी मंडल के सदस्यों की उपस्थिति रही।
यह आयोजन जिला सभा के प्रत्येक सदस्य के लिए एक उत्सव के समान था,जिसमें सभी लोग अत्यंत मनोयोग,उत्साह और समर्पण भाव से व्यवस्थाओं में जुटे रहे।गुना जिला माहेश्वरी सभा एवं नगर सभा की ऊर्जावान,समर्पित और उत्साही टीम के अथक परिश्रम एवं निरंतर प्रयासों से यह आयोजन पूर्णतः सफल हुआ।
निःसंदेह,इस प्रकार के आयोजन समाज में फिजूलखर्ची रोकने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
पूर्वी मध्यप्रदेश में संभवतः यह अपनी तरह का पहला आयोजन है,जिसे गुना जिला सभा ने अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न किया।इस उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए संपूर्ण टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।साथ ही इस पावन अवसर पर परिणय सूत्र में बंधे सभी नवदम्पतियों के सुखद,यशस्वी एवं मंगलमय दांपत्य जीवन हेतु महासभा उपसभापति विजय राठी जी की ओर से प्रदेश सभा की ओर से अनंत हार्दिक शुभकामनाएँ दी गई।


