जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में लगातार दहशत फैलाने वाले कुख्यात बदमाश आकाश उर्फ बग्गा को पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत गिरफ्तार कर लिया है। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलहनी ने बताया कि आरोपी थाने का रजिस्टर्ड गुंडा-बदमाश है और उस पर कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चार हत्या के प्रयास के प्रकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस वर्ष 8 जनवरी को शांति नगर क्षेत्र में लगातार तीन चाकूबाजी की वारदातों को अंजाम दिया था। इनमें एक मामले में नागेंद्र सिंह पर पेट में चाकू मारकर हत्या का प्रयास किया गया, जबकि अन्य घटनाओं में चाकूबाजी और हफ्ता वसूली की कोशिश की गई थी। इन तीनों मामलों में रांझी थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
फरारी के दौरान भी आकाश उर्फ बग्गा द्वारा क्षेत्र के लोगों को धमकाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के माध्यम से कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजकर एनएसए के तहत कार्रवाई की गई।
एनएसए वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को उन स्थानों पर ले जाकर चिन्हांकन कराया, जहां उसने वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति और लगातार बढ़ते आतंक को देखते हुए उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखी जा सके।


