जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक पर जान से मारने की नीयत से बका से हमला कर दिया गया। हमले में पीड़ित के सिर और कान पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित बंटू चौधरी (28 वर्ष), निवासी सुहागी, नालंदा स्कूल के पास ने थाना अधारताल में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 2 फरवरी की शाम करीब 6 बजे अपने घर के आंगन में बैठकर आग ताप रहा था। तभी वहां राज उर्फ रज्जू चौधरी आया और बेवजह गाली-गलौज करने लगा। जब बंटू ने गालियां देने से मना किया, तो रज्जू ने गुस्से में आकर जान से मारने की नीयत से बका निकालकर उसके सिर पर हमला कर दिया।
बंटू ने वार से बचने के लिए सिर झुकाया, जिससे बका सीधे उसके कान के ऊपर लगा और कान कटकर लटक गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर थाना अधारताल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 109(1), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल सुश्री राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अधारताल प्रवीण कुमार कुमरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देते हुए आरोपी राज उर्फ रज्जू चौधरी पिता प्रकाश चौधरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी सुहागी को अभिरक्षा में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बका (तेजधार हथियार) भी जप्त कर लिया गया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी आए दिन विवाद करता था और पहले भी कई बार झगड़े की स्थिति बन चुकी थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से नागरिकों ने राहत की सांस ली है।
प्राणघातक हमले के आरोपी को चंद घंटों में पकड़ने में
सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र बड़गैंया, प्रधान आरक्षक राकेश बागरी, प्रधान आरक्षक अजीत पटेल, आरक्षक अनिल शर्मा एवं महेश कहार की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि हिंसक अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


