*सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर निगमायुक्त ने सहायक यंत्री और उपयंत्री को एक-एक वेतन वृद्धि रोकने जारी किया नोटिस, ठेकेदार के ऊपर लगाया 20 प्रतिशत की पेनाल्टी*
जबलपुर । शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन अब पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने छोटी लाइन फाटक, गोरखपुर के साथ सुहागी स्थित डॉ. अब्दुल कलाम आजाद वार्ड का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी और जनसुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। जहॉं पर पाया कि निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप सड़क के निर्माण कार्य नहीं कराए गये हैं, जिसपर निगमायुक्त श्री अहिरवार ने सहायक यंत्री राजनारायण सराफ और उपयंत्री एन कोंडलू को एक-एक वेतनवृद्धि रोकने नोटिस जारी किया है वहीं ठेकेदार मानस कंस्ट्रक्शन को 20 प्रतिशत की पेनाल्टी लगाई है।
निरीक्षण के दौरान एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने मौके पर पहुंचकर हाजिरी की जाँच कर सबसे पहले सफाई संरक्षकों की उपस्थिति पंजी का मिलान किया गया ताकि क्षेत्र में नियमित सफाई सुनिश्चित की जा सके। निगमायुक्त ने सफाई ठेकेदार श्री बर्फानी को भी व्यवस्था में सुधार लाने हिदायत दी है। उन्होंने जल निकासी की स्थिति, वार्ड के नालों और नालियों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि पानी की निकासी में कहीं भी अवरोध न हो, जिससे रहवासियों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। निगमायुक्त ने स्थानीय निवासियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।


