*
अनूपपुर।राष्ट्रीय श्रमजीवी पत्रकार परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता गंगा चरण मिश्रा के अनूपपुर आगमन से संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखने को मिला। प्रवास के दौरान उन्होंने जिले में संगठन की गतिविधियों, सदस्यता विस्तार, पत्रकारों की सुरक्षा तथा वर्तमान में संचालित निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
श्री मिश्रा ने प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला एवं संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। चूंकि जिले में संगठन के निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है और आचार संहिता लागू है, इसलिए किसी औपचारिक बैठक का आयोजन नहीं किया गया। इसके स्थान पर सीमित स्तर पर पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन की रणनीति एवं आगामी कार्ययोजना तय की गई।
राष्ट्रीय प्रवक्ता गंगा चरण मिश्रा ने कहा कि परिषद का मूल उद्देश्य पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उन्हें सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके साथ होने वाली किसी भी प्रकार की अन्यायपूर्ण या प्रताड़नात्मक स्थिति के खिलाफ परिषद मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने संगठन के विस्तार, एकता और अनुशासन पर विशेष बल देते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही पत्रकारों की ताकत है।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि अनूपपुर जिला संगठन लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है और पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिषद की प्राथमिकता पत्रकारों को सुरक्षा, सहयोग और कानूनी संरक्षण उपलब्ध कराना है। संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
संभागीय अध्यक्ष चैतन्य मिश्रा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल संरचना खड़ी करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर पत्रकारों के साथ खड़े रहना है। उन्होंने बताया कि जिले में सदस्यता बढ़ाने, नए पत्रकारों को जोड़ने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्षता एवं आचार संहिता के दायरे में रहकर संपन्न कराया जाएगा।
इस दौरान जिले की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, पत्रकार कल्याण योजनाओं एवं संगठन की मजबूती को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। राष्ट्रीय प्रवक्ता के मार्गदर्शन से पदाधिकारियों एवं सदस्यों में नया उत्साह देखा गया और सभी ने एकजुट होकर पत्रकार हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय प्रवक्ता का यह दौरा संगठन के लिए प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक साबित हुआ, जिससे जिले में परिषद की सक्रियता और प्रभावशीलता और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।


