26.3 C
Jabalpur
April 4, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

भारतीय वायुसेना का शानदार प्रदर्शन, सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने की टीम से मुलाकात

नई दिल्ली, 8 फरवरी  भारतीय वायुसेना सिंगापुर एयर शो 2026 में स्वदेशी शक्ति व अपने बेजोड़ हुनर का प्रदर्शन कर रही है। इस बार वायुसेना की मशहूर सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने यहां अपने शानदार हवाई करतब दिखाए हैं। सिंगापुर में आयोजित इस प्रतिष्ठित एयर शो के दौरान एक अत्यंत गौरवपूर्ण और यादगार क्षण तब सामने आया, जब सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने भारतीय वायुसेना की विशिष्ट एवं विश्वविख्यात सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के साथ आत्मीय संवाद किया। यह भेंट एयर शो के औपचारिक कार्यक्रमों से इतर हुई, लेकिन इसका महत्व काफी व्यापक और प्रतीकात्मक रहा। गौरतलब है कि सिंगापुर एयर शो 2026, एशिया का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी कार्यक्रम है। यह शो 03 को शुरू हुआ था और 08 फरवरी तक सिंगापुर के चांगी एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित हो रहा है।

इसमें दुनिया भर की वायु सेनाएं, रक्षा कंपनियां, एविएशन इंडस्ट्री के दिग्गज और नीति-निर्माता शामिल हुए हैं। भारतीय वायुसेना की टीम यहां पूरी तरह स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव का प्रदर्शन कर रही है। ध्रुव हेलीकॉप्टर भारत की आत्मनिर्भर रक्षा क्षमताओं का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। स्वदेशी शक्ति के साथ विदेशी धरती पर मौजूद सारंग टीम के पायलटों से प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने बातचीत की। इस दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना की इस टीम के उच्च स्तर के कौशल, अनुशासन और पेशेवर उत्कृष्टता की सराहना की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय वायुसेना की क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन करने के लिए टीम को बधाई दी। सारंग टीम की सटीक उड़ान संरचनाएं, समन्वय और साहसिक प्रदर्शन न केवल दर्शकों को आकर्षित किया है, बल्कि भारत की उन्नत सैन्य प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता का भी परिचायक रहा है।

रक्षा विशेषज्ञ मानते हैं कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री का यह संवाद भारत और सिंगापुर के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग, आपसी भरोसे और गहरे सम्मान को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। ऐसे अवसर दोनों देशों की सेनाओं के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ रणनीतिक साझेदारी को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। चांगी में हो रहे एयर शो के मंच पर यह मुलाकात इस बात का प्रतीक रही कि भारत और सिंगापुर रक्षा, सुरक्षा और सहयोग के क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दरअसल भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपनी बेहद सटीक उड़ान, करीबी फॉर्मेशन में करतब और अनुशासित प्रदर्शन के लिए दुनियाभर में जानी जाती है। इस एयर शो में उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर ध्रुव कितना फुर्तीला, भरोसेमंद और बहुउपयोगी हेलीकॉप्टर है।

विशेषज्ञों के मुताबिक इसे अलग-अलग सैन्य और मानवीय मिशनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस एयर शो का मकसद सिर्फ आधुनिक सैन्य और नागरिक विमान दिखाना ही नहीं था, बल्कि रणनीतिक संवाद, पेशेवर सहयोग और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रक्षा साझेदारी को मजबूत करना भी रहा। एयर शो के दौरान एयर मार्शल बालकृष्णन मणिकांतन सिंगापुर की आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे। उन्होंने सिंगापुर एयर शो 2026 के मौके पर चांगी एग्जीबिशन सेंटर में सिंगापुर वायुसेना के चीफ ऑफ स्टाफ (एयर स्टाफ) तथा सिंगापुर सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ से औपचारिक भेंट की।

इस बैठक में दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग, प्रशिक्षण और आपसी तालमेल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। यात्रा के दौरान एयर मार्शल मणिकांतन ने सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले से भी मुलाकात की। इसके साथ ही उन्होंने सिंगापुर एयर शो में भाग ले रही भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने के लिए उनकी सराहना की। सिंगापुर एयर शो 2026 में सारंग टीम के अलावा तीन अन्य एरोबेटिक टीमों ने भी हिस्सा लिया। इसके साथ ही एयर शो में 37 विमानों का स्टैटिक डिस्प्ले भी लगाया गया है। यहां दर्शक करीब से आधुनिक विमानों और हेलीकॉप्टरों को देख रहे हैं।

अन्य ख़बरें

म्यांमार के जुंटा प्रमुख मिन आंग ह्लाइंग बने राष्ट्रपति, सबसे ज्यादा वोट हासिल कर जीता चुनाव

Newsdesk

पाकिस्तान में ईंधन महंगा: पेट्रोल 43 प्रत‍िशत और डीजल 55 प्रत‍िशत तक बढ़ा

Newsdesk

ईरान के हथियार भंडार में मिसाइल लॉन्चर और ड्रोन अभी भी सक्रिय: रिपोर्ट

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading