जबलपुर। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने होटल, मैरिज गार्डन एवं कार्यक्रम स्थल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह बैठक पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस कंट्रोल रूम में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता ने की। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय बी.एस. गोठरिया भी उपस्थित रहे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और किसी भी आयोजन स्थल पर इसकी अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग केवल रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा, जिसके लिए संबंधित एसडीएम से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
पुलिस ने निर्देश दिए कि किसी भी कार्यक्रम में दो साउंड बॉक्स से अधिक का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा आवाज परिसर तक ही सीमित रखनी होगी, ताकि आसपास रहने वाले नागरिकों और विशेषकर छात्रों को कोई परेशानी न हो। इसके अलावा होटल संचालकों को वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे यातायात बाधित न हो। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।


