जबलपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नगर महामंत्री मुज्जमिल अली ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से शिकायत करते हुए अंजुमन इस्लामिया इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्राचार्य शबीना अंसारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन की ओर से उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, जिससे वे मानसिक रूप से आहत हुए हैं।
मुज्जमिल अली ने बताया कि उनके बच्चे उसी स्कूल में पढ़ते हैं और वे अपनी भतीजी की फीस से संबंधित जानकारी लेने कक्षा शिक्षक से मिलने स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान प्राचार्य शबीना अंसारी वहां आईं और उनसे कथित तौर पर सवाल किया कि वे स्कूल परिसर में कैसे प्रवेश कर सकते हैं और भविष्य में स्कूल या किसी भी कक्षा में न आने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अभिभावक होने के नाते कक्षा शिक्षक से मिलना उनका अधिकार है, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। उनका आरोप है कि यह रवैया इसलिए अपनाया जा रहा है क्योंकि वे अंजुमन इस्लामिया से जुड़े मामलों को लेकर समय-समय पर अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखते रहे हैं।
मुज्जमिल अली ने यह भी कहा कि कुछ माह पहले उन्होंने शुक्रवार को घोषित अवकाश का विरोध किया था, जिसके बाद से स्कूल प्रबंधन उनके प्रति नकारात्मक रवैया अपना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राचार्य ने स्कूल स्टाफ को उनसे बातचीत न करने के निर्देश भी दिए हैं और उनका व्यवहार अन्य लोगों के साथ भी इसी प्रकार का रहता है।
पीड़ित भाजपा नेता ने मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग करते हुए एएसपी को लिखित शिकायत सौंप दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


